Hindi News

indianarrative

मध्य प्रदेश के कई शहरों में लॉकडाउन, पंजाब में कोरोनावायरस से 38 लोगों की मौत, जानें बाकी राज्यों के ताजा हाल

Corona Update

कोरोना के बढ़ते मामले देश को फिर से लॉकडाउन की तरफ ले जा रही है। दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र से आ रहे हैं। महाराष्ट्र में कल 30,000 से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं। पिछले तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक संक्रमित पाए गए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्यों सरकारों ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।

मध्य प्रदेश के तीन शहरों इंदौर, भोपाल और जबलपुर में 32 घंटों का लॉकडाउन (Lockdown) लगाया गया है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने नागपुर में लॉकडाउन को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है, जबकि गुजरात और पंजाब के कई शहरों ने नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इस दौरान कई राज्यों ने स्कूल और कॉलेज को भी बंद करने का आदेश जारी किया है। कोरोना महामारी से बुरी तरह प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र सबसे उपर है। राज्य सरकार ने बढ़ते मामलों को देखते हुए नागपुर में जारी लॉकडाउन को कुछ रियायतों के साथ 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। पहले 21 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। इसके साथ ही पुणे, औरंगाबाद समेत कई जगहों पर पहले ही नाइट कर्फ्यू लगाया जा चुका है।

इस बीच रविवार को देश में पिछले चौबीस घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 43,846 नए मामले सामने आए हैं, जोकि इस साल एक दिन में सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई है। पंजाब में पिछले 24 घंटों में 38 लोगों की मौत हुई है। सूबे की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने कई पाबंदिया लगा रखी हैं और कई जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है। इसके बावजूद भी कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। पंजाब में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के 2,500 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जो कि पिछले छह महीने में एक दिन में दर्ज किए गए सबसे अधिक मामले हैं वहीं संक्रमण से 38 और लोगों की मौत हो गई।