Hindi News

indianarrative

देश में कोरोना की लहर बन गई कहर, 24 घंटे में 1.26 लाख केस, फिर से गांव लौटने लगे प्रवासी मजदूर

फिर से घर लौटने लगे प्रवासी मजदूर

कोरोना के बढ़ते मामले लोगों को डराने लगे हैं। हर जगह खौफ का माहौल है। कई शहरों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। 9 अप्रैल से 19 अप्रैल तक यानी कुल 11 दिनों तक लॉकडाउल लागू रहेगा। देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में नाइट कर्फ्य का ऐलान किया गया है। यानी की धीरे-धीरे देश लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा है।

लॉकडाउन के अंदेशा से सबसे ज्यादा मजदूर तबका डरा हुआ है। पिछली बार जो त्रासदी इन मजदूरों ने देखी वो इस बार नहीं देखना चाहते। दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों से ये प्रवासी मजदूरों अपने घरों को लौटने लगे हैं। इन्हें यह डर सता रहा है कि फिर से पिछली बार जैसी स्थिति में ना फंस जाए।

सैकड़ों लोग तो ट्रेन पकड़कर वापस लौट भी रहे हैं। पिछले साल लॉकडाउन की वजह से महाराष्ट्र से हजारों प्रवासी मजदूरों को पलायन करना पड़ा था। इस बार तो स्थिति और खराब दिखाई दे रही है। पिछले साल तो प्रवासी मजदूरों की मदद करने वाले कई लोग एवं संगठन थे, जो उन्हें भोजन, दवाइयां आदि की सुविधा दे रहे थे। मगर इस साल वे भी गायब हैं।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र में रात में कर्फ्यू लगाया गया है, जबकि दिन में काम से बाहर निकलने वाले लोगों के लिए कड़े प्रतिबंध और नियम लगा दिए गए हैं। इसके अलावा राज्य भर में विकेंड के दौरान लॉकडाउन की घोषणा हो चुकी है। इस स्थिति को देखते हुए देश के विभिन्न हिस्सों के प्रवासियों में एक बार फिर से अपने पलायन को लेकर डर पैदा हो गया है।

देश कोरोना केस के रोज नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। कोरोना की ये लहर देश में कहर बनकर टूटी है। पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए बुधवार को देश में सवा लाख से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य सरकारों द्वारा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 126315 नए केस सामने आए हैं। जबकि 684 लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र, दिल्ली में हाहाकार

कोरोना की इस ताज़ा लहर से महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित है। बीते दिन महाराष्ट्र में करीब 60 हज़ार मामले दर्ज किए गए, जो पूरे देश में सामने आए केस का आधा हिस्सा है। यही कारण है कि केंद्र की ओर से एक्सपर्ट्स की टीमें लगातार महाराष्ट्र भेजी जा रही हैं। यही हाल दिल्ली का भी है जहां फिर एक बार साढ़े पांच हज़ार से अधिक केस दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल के पीक की याद दिलाते हैं।

पीएम मोदी आज करेंगे बैठक

कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर राज्यों के साथ बात करेंगे। मोदी आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मंथन करने वाले हैं। ये मिटिंग वैक्सीनेशन में आ रही दिक्कतों को लेकर  होगा। पीएम मोदी ने वैक्सीनेशन के फेज़ शुरू होने से पहले भी सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी।