Hindi News

indianarrative

PM Modi का कड़ा संदेश, खराब प्रदर्शन वाले कई मंत्रियों की होगी छुट्टी, कैबिनेट में 30-35 फीसदी चेहरे होंगे नए!

PM MODI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक हुई. इस बैठक में कोरोना को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक के बाद खबर आ रही है कि पीएम मोदी खराब प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों पर एक्शन लेने की तैयारी में हैं। कहा जा रहा है कि इसे लेकर कुछ दिनों में फैसला लिया जा सकता है। अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वाले कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। जबकि अनेक नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में देखने को मिल सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, दो साल के बाद होने जा रहा यह बदलाव बड़ा होगा।

सूत्रों की मानें तो कैबिनेट के 30-35 फीसदी चेहरे बदल सकते हैं। मौजूदा समय में कैबिनेट में 21 कैबिनेट मंत्री हैं जिनकी संख्या बढ़ सकती है। जबकि स्वतंत्र प्रभार के नौ और राज्यमंत्री 23 हैं। इनकी संख्या में भी इजाफा किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश समेत चुनाव वाले राज्यों के समीकरण साधने पर विशेष जोर दिया जा सकता है। उत्तर प्रदेश से आने वाले मंत्रियों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बड़े मंत्रालय दिए जा सकते हैं जो सीधे जनता से जुड़े हों।

फेरबदल की अटकलों के बीच मंत्रियों की भी सांसें अटकी हुई हैं। दरअसल, पिछले सप्ताह एक कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री की तरफ से कड़े फैसले लेने के संकेत दिए गए। तभी से यह माना जा रहा है कि अच्छे प्रदर्शन नहीं करने वाले मंत्रियों को बदला जाना तय है। खबर है कि अनेक मंत्रियों पर यह खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, हाल में प्रधानमंत्री ने कई समूहों में बैठकें कर मंत्रियों के कामकाज की भी समीक्षा की है।