Hindi News

indianarrative

मध्य प्रदेश: नहर में समा गई यात्रियों से भरी बस, अभी तक 38 शव बरामद, CM के सभी कार्यक्रम रद्द

MP, मध्य प्रदेश हादसा

मध्य प्रदेश में भयानक हादसा हुआ है। सीधी जिले से सतना जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में 38 लोगों की मौत हो चुकी है। बस में करीब 54 यात्रियों के सवार होने की सूचना सामने आ रही है। हादसे के बाद 6 लोग तैरकर बाहर निकल आए, 38 लोगों के शव बाहर निकाले गए हैं। नहर इतनी गहरी थी कि पूरी बस उसमें डूब गई। यह हादसा रामपुर नैकि‍न थाना क्षेत्र के पटना पुल पर हुआ।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों के साथ मंत्रणा के बाद दो मंत्री को सीधी के लिए रवाना किया है। इसमें कैबिनेट मंत्री तुलसी राम सिलावट और रामखेलावन पटेल शामिल हैं। दोनों मंत्री वहां जाकर सीएम को रिपोर्ट करेंगे। इसके साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को तलब किया है। सीएम मंत्री से हादसे के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

बस में मौजूद  7 लोगों को बचा लिया गया है और SDRF की टीम और गोताखोर बाकी के लोगों को ढूंढने में लगी है। मध्य प्रदेश में आज सुबह तकरीबन 7:30 बजे सीधी के रामपुर नैकिन थाना इलाके से सतना जाने वाली बस बाणसागर नहर में जा गिरी थी। इस बस में करीब 60 यात्रियों के होने की सूचना है। वहीं इस मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्टर से बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं। अब तक 38 शव बाहर न‍िकाले जा चुके हैं, कुछ शवों के नहर में बह जाने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।