Hindi News

indianarrative

Mumbai Rain: पहली बारिश में ही पानी-पानी हुई मायानगरी, सड़कों पर भरा पानी, हाई टाइड की चेतावनी

Mumbai Rain

मुंबई में मानसून की पहली बारिश हुई है। आज सुबह से ही मुंबई के कई इलाकों में बारिश हो रही है। बारिश के चलते जलजमाव देखा जा रहा है। सेंट्रल रेलवे CPRO ने बताया कि चूनाभट्टी रेलवे स्टेशन के पास भारी बारिश और जलभराव के कारण हार्बर लाइन b/w CSMT- वाशी पर ट्रेन सेवाएं सुबह 10:20 बजे से निलंबित हैं। वहीं सायन-कुर्ला खंड में जलभराव के कारण मेन लाइन पर सुबह 10:20 बजे से CSMT-ठाणे से सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

 

वहीं  कुर्ला और सायन स्टेशनों पर पटरियों के ऊपर से पानी बहने के कारण मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं कुर्ला और सीएसएमटी के बीच रुकी हुई हैं। सुबह साढ़े नौ बजे से यातायात को बंद कर दिया गया है। सेंट्रल रेलवे ने कहा कि ये फैसला भारी बारिश को देखते हुए किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए एहतियात के तौर पर लिया गया है। पानी के कम होते ही यातायात सेवा फिर से शुरू की जाएगी। मौसम विभाग के डेटा के मुताबिक सांताक्रूज में सुबह 8 बजे तक 59.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा कोलाबा में यह 77 मिलीमीटर दर्ज की गई है। अब तक जून महीने में मुंबई में कुल मिलाकर 185 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मुंबई के ज्यादातर इलाकों में 40 से 70 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। वहीं नवी मुंबई में बीते एक दिन में 120 मिमी बारिश हुई है

 

मुंबई में आज हाई टाइड के आने की संभावना है। इस दौरान समुंद्र की लहरें 4.16 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में एहतियातन समुंद्र के किनारे जाने से लोगों को मना किया गया  है।

 

बारिश के चलते करीब 30 लोकेशंस पर बसों के रूट को डायवर्ट करना पड़ा है। मुंबई के मुंब्रा, कोपर खैराने, मोहाने, पनवेल, मलवानी वर्सोवा समेत कई इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई है। बता दें कि मुंबई में यह मॉनसून दो दिन पहले ही आ गया है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा, 'आमतौर पर हर साल के मुकाबले दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दो दिन पहले ही आ गया है। अगले तीन से 4 दिनों तक मुंबई में अच्छी खासी बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान शहर में कुल 300 से 350 मिमी बारिश हो सकती है।