Hindi News

indianarrative

राजस्थान दिवस: राजपूताना की 22 रियासतों को मिलाने में लगे थे 8 साल, सरदार वल्लभ भाई पटेल ने निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका

राजस्थान दिवस

आज राजस्थान दिवस है। आज के दिन ही साल 1949 में राजस्थान राज्य बनाया गया था। राजस्थान को 22 रियासतों को मिलाकर बनाया गया था। देश में क्षेत्रफल के लिहाज से सबसे बड़ा राज्य राजस्थान है। राजस्थान की पश्चिमी सीमाएं पाकिस्तान से लगती हैं। आजादी के पहले राजस्थान को राजपूताना के नाम से जाना जाता था। पूरे राजपूताना में 19 रियासतें और 3 ठिकाने थे। इन रियासतों और ठिकानों के एकीकरण के बाद 30 मार्च 1949 को राजस्थान बना। इन रियासतों का एकीकरण सात चरणों में पूरा हुआ। इसमें इसमें करीब 8 साल 7 महीने 14 दिन का समय लगा था।

आजादी की घोषणा के साथ ही राजपूताना के देशी रियासतों के मुखियाओं में स्वतंत्र राज्य में भी अपनी सत्ता बरकरार रखने की होड़-सी लगी थी। यहां की 22 रियासतों और ठिकानों में एक रियासत अजमेर मेरवाड़ा प्रांत को छोड़कर सभी पर देशी राजा-महाराजाओं का ही राज था। अजमेर-मेरवाड़ा प्रांत पर अंग्रेजों का कब्जा था। इस कारण ये सीधे ही स्वतंत्र भारत में आ जाती, मगर शेष 21 रियासतों का विलय कर ‘राजस्थान' बनाया जाना था।

इन रियासतों के शासकों की मांग थी कि वे सालों से अपने राज्यों का शासन चलाते आ रहे हैं, उन्हें इसका अनुभव है, इस कारण उनकी रियासत को 'स्वतंत्र राज्य' का दर्जा दे दिया जाए। 18 मार्च 1948 को शुरू हुई राजस्थान के एकीकरण की प्रक्रिया कुल सात चरणों में एक नवंबर 1956 को पूरी हुई। इसमें भारत सरकार के तत्कालीन देशी रियासत और गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल और उनके सचिव वीपी मेनन की भूमिका महत्वपूर्ण थी।