Hindi News

indianarrative

उत्तराखंड के चमोली में फटा ग्लेशियर, सैलाब में 150 लोगों के लापाता होने की आशंका

ग्लेशियर टूटने से चमोली जिले में आई बाढ़

उत्तराखंड में बड़ी तबाही आई है। चमोली जिले में ग्लेशियर के फटने से करीब 150 लोगों के बहने का आशंका है। चमोली जिले के रेणी गांव के पास ग्लेशियर टूटा है। प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। इसमें कई ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। SDRG की 10 टीमें भी मौके पर पहुंचीं हैं। हरिद्वार, ऋषिकेष और श्रीनगर में अलर्ट जारी किया गया है।

 

प्राकृतिक आपदा का जायजा लेने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खुद जोशीमठ के लिए रवाना हो गए हैं। रावत के साथ सचिव आपदा प्रंबधन एस.ए मुरूगेशन भी हैं। सीएम ने कहा कि राहत की खबर है कि नंदप्रयाग से आगे अलकनंदा नदी का बहाव सामान्य हो गया है। नदी का जलस्तर सामान्य से अब 1 मीटर ऊपर है लेकिन बहाव कम होता जा रहा है। राज्य के मुख्य सचिव, आपदा सचिव, पुलिस अधिकारी एवं मेरी समस्त टीम आपदा कंट्रोल रूम में स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- NDRF की टीमें बचाव कार्य के लिए निकल गई हैं। देवभूमि को हर सम्भव मदद दी जाएगी। गृह मंत्रालय पूरी स्थिति को मॉनिटर कर रहा है। आईटीबीपी गृह मंत्रालय के संपर्क में है। आइटीबीपी के रीजनल रिस्पांस सेंटर, गोचर से एक बड़ी टीम की रवाना किया गया है। 200 जवानों को पहले ही जोशीमठ से रवाना किया जा चुका है।

 

चमोली के जिलाधिकारी ने अधिकारियों को धौलीगंगा नदी के किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों को बाहर निकालने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके के लिए निकल चुके हैं। चमोली पुलिस ने लोगों को अलर्ट किया है। इस घटना में जाल माल का बड़ी संख्या में नुकसान होने की आशंका है। ये घटना सुबह आठ से नौ बजे के बीच की है। इस घटना को लेकर प्रशासन अलर्ट हो चुका है। गृहमंत्री अमित शाह ने  मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात की है और हालात का जायजा लिया है।