Hindi News

indianarrative

ब्लैक और व्हाइट फंगस से ज्यादा बलशाली है Yellow Fungus, आसानी से नहीं छोड़ता पीछा, जानिए इसके लक्षण और बचाव ?

photo courtesy Google

देश में कोरोना ने लोगों के बीच कोहराम मचाया हुआ था। इस बीच ब्‍लैक फंगस भी कोरोना को टक्कर देने आ गया। ब्लैक फंगस अकेला नहीं है। बल्कि धीर-धीरे कर अपने सभी रुपों को सामने ला रहा है। पहले  व्‍हाइट फंगस सामने आया और अब यलो फंगस के रुप में भी लोगों को अपना निशाना बना रहा है। येलो फंगस का पहला मामला गाजियाबाद में देखने को मिला है। येलो फंगस अभी तक मरीजों मे मिले ब्‍लैक और व्‍हाइट फंगस से ज्‍यादा खतरनाक बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गाजियाबाद में 34 साल के डाइबिटीज से पीड़ित शख्स में येलो फंगस का संक्रमण मिला। ये शख्स गाजियाबाद के ईएनटी सर्जन को दिखाने पहुंचा था। डॉक्टर ने जांच के दौरान पाया कि उसे येलो फंगस है। डॉक्टर के मुताबिक, उस शख्स ने बताया  था कि उसे सुस्ती थी। भूख कम लग रही थी। उसका वजन कम हो रहा था। उसे कम धुंधला दिखने की भी प्रॉब्लम थी। डॉक्टर के मुताबिक, येलो फंगस आंतरिक रूप से इन्हीं लक्षणों से शुरू होता है और आगे बढ़ता जाता है और घातक हो जाता है। यलो फंगस पहले शरीर को अंदर से कमजोर करता है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, येलो फंगस होने के पीछे कारण भी गंदगी और नमी ही है। ठीक वैसे ही जैसे ब्लैक और व्हाइट फंगस में होता है। इसके लक्षणों में सुस्ती आना, वजन कम होना, भूख का कम होना या बिल्कुल भी भूख न लगने जैसे लक्षण शामिल है। लेकि गंभीर मामलों में घावों में धीमी गति से ठीक होना, कुपोषण, मवाद आना, अंगों का काम करना बंद कर देना और आखों का अंदर धंसने जैसे लक्षण मौजूद हैं। इस येलो फंगस से बचा जा सकता है। जैसा कि हमने बताया कि येलो फंगस गंदगी और नमी की वजह से होता है।

ऐसे में आपको अपने घर के अंदर और घर के आसपास सफाई रखनी चाहिए, पुराने खाद्य पदार्थों को हटा दें ताकि बैक्टीरिया और फंगस विकसित न हो पाए। घर में नमी होने का ध्यान रखना और इसे दूर करना, घर की नमी को 30-40 प्रतिशत से ज्यादा न होने देना। साथ ही बासी खाना खाने से बचना चाहिए, ताकि इस येलो फंगस से बचा जा सके। कहा जा रहा है कि ब्लैक और व्हाइट फंगस के मुकाबले ये येलो फंगस काफी खतरनाक है। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि ये बीमारी शरीर के अंदर शुरू होती है और काफी बाद में जाकर इसके लक्षण बाहर देखने को मिलते हैं।