Hindi News

indianarrative

कृषि विधेयक ही नहीं, किसानों के लिए 250 करोड़ का हवाई जहाज भी!

कृषि विधेयक ही नहीं, किसानों के लिए 250 करोड़ का हवाई जहाज भी!

मोदी सरकार किसानों के लिए कृषि विधेयक ही नहीं लेकर आयी बल्कि किसानों के लिए हवाई जहाज भी खरीद रही है। हवाई जहाज खरीदने की बात बिल्कुल सच्ची है। यह हवाई जहाज इंडियन एयरफोर्स के ग्लोबमास्टर की तरह किसानों की मदद करेगा। जी हां, इस जहाज में ऐसे उपकरण लगे होंगे जो देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम की जानकारी किसानों को देंगे। यह जहाज आसमान में उड़ेगा और जमीन पर किसानों को मदद पहुंचाएगा। किसानों को हवा-आंधी-पानी-बादल और धूप की सटीक जानकारी मिलने लगेगी तो अपनी फसल अच्छी तरह से ले पाएंगे।

सरकार ने लोकसभा में जानकारी दी है कि विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय यह विमान खरीदने पर विचार कर रहा है। लोकसभा में एक सांसद ने सवाल किया था कि क्या सरकार मौसम पूवार्नुमान से संबंधित प्रयोग करने के लिए एक खास विमान खरीदने के प्रस्ताव पर विचार कर ही है? खरीदे जाने वाले विशेष विमान से क्या लाभ होंगे?

इस सवाल के लिखित में विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि मंत्रालय देश में वायुमंडलीय प्रक्रिया अध्ययनों के लिए एक उपकरण युक्त विशेष शोध विमान खरीद पर विचार कर रहा है। वैज्ञानिक उपकरणों से लैस इस विमान प्रणाली की कीमत ढाई सौ करोड़ रुपये हो सकती है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि इस विमान का उपयोग देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम, वातावरण में विभिन्न वायुमंडलीय अनुसंधान समस्याओं के समाधान के लिए किए जाने की संभावना है। मौसम संबंधी क्लाउड भौतिकी डेटा में यह मदद करेगा।

मंत्री ने बताया कि इसके अलावा, यह वायु प्रदूषण मूल्यांकन और भारत में स्वास्थ्य, दृश्यता, जलवायु पर्यावरण और जल विज्ञान संबंधित अध्ययनों के समाधान में भी मददगार हो सकता है। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि इस पूरी योजना के नोडल एजेंसी के रूप में भारतीय ऊष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) पुणे काम करेगा। यह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत एक ऑटोनॉमस बॉडी है। इस नोडल एजेंसी के जरिए जनता को मौसम के बारे में जानकारी मिलेगी।.