Hindi News

indianarrative

Hariyali Teej 2021: सजना है मुझे सजना के लिए! सुहाग की इन चीजों के बिना अधूरा हैं हरियाली तीज पर 16 श्रृंगार

COURTESY- GOOGLE

सावन का महीना चल रहा है। कल यानी 11 अगस्त को हरियाली तीज का त्योहार है। हरियाली तीज सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। मान्यता है कि इसी दिन माता पार्वती और महादेव का मिलन हुआ था। माता पार्वती ने शिव को विवाह के लिए तैयार करने के लिए कठोर तप किया था। उनके तप से प्रसन्न होकर शिव जी ने कहा था कि इस दिन जो भी स्त्री पूरी निष्ठा से मेरा व्रत और पूजन करेगी। उसकी हर मनोकामना पूरी होगी। वैवाहिक जीवन सुखमय होगा और लंबी उम्र की प्राप्ति होगी। इस दिन महिलाएं साज श्रृंगार करके महादेव पार्वती का पूजन करती हैं। श्रृंगार करते समय 5 बातों का ध्यान जरूर रखे। वर्ना आपका श्रृंगार अधूरा माना जाएगा।

हरे वस्त्र- सावन के महीने में पूरी प्रकृति हरी भरी होती है, इसके अलावा हरा रंग शांति का प्रतीक होता है, इसलिए तीज के दिन हर महिला को हरे रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए। सावन के महीने में ये आंखों को राहत पहुंचाता है, साथ ही काफी शुभ माना जाता है।

हरी चूड़ियां- हिंदू धर्म में चूड़ियों को श्रंगार का खास हिस्सा माना जाता है। हरियाली तीज के दिन हरे रंग की चूड़ियों को वैवाहिक जीवन की खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है इसलिए हरी चूड़ियां जरूर पहननी चाहिए।

मेहंदी– मेहंदी को 16 श्रंगारों में से एक माना गया है। साथ ही मेहंदी महिलाओं के लिए सौभाग्य का प्रतीक होती है। अपने सौभाग्य को जगाने के लिए लिए इस दिन मेहंदी जरूर लगाएं। आप अरेबिक, फ्लोरल मेहंदी, भरवां मेहंदी की डिजायन लगवा सकती हैं।

बिंदी- महिलाओं के श्रृंगार में माथे पर बिंदी का भी अपना अलग महत्व है। बिंदी महिलाओं के सौंदर्य को निखारने का काम करती है, साथ ही ये 16 श्रृंगार का अहम हिस्सा है। हरियाली तीज पर आप हरी ड्रेस के साथ हरे रंग की बिंदी लगाएं।

सिंदूर- सिंदूर को सुहाग का प्रतीक माना जाता है। तमाम महिलाएं पति की दीर्घायु की कामना करके लंबी मांग भरती हैं। हरियाली तीज के दिन मां पार्वती को सिंदूर अर्पित करके अपने मांग में सिंदूर भरें और मातारानी से पति को दीर्घायु देने और अपने जीवन को सुखमय बनाने की प्रार्थना करें।