Hindi News

indianarrative

रविचंद्रन अश्विन के परिवार पर गहरा संकट, 10 लोग कोरोना पॉजिटिव, पत्नी बोलीं- ‘यह आपको अकेला कर देती है’

रविचंद्रन अश्विन के परिवार पर गहरा संकट

ऑफ स्पिनर अश्विन ने कुछ दिन पहले आईपीएल छोड़ने का ऐलान किया था। अब खबर आ रही है कि रविचंद्रन अश्विन के परिवार में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। इसकी जानकारी दाएं हाथ के स्पिनर की पत्नी ने दी। उन्होंने पूरे हफ्ते को बुरा सपना बताया और बताया कि घर में 10 लोग कोरोना की चपेट में हैं। अश्विन IPL 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे थे। लेकिन, उन्होंने बीते रविवार को लीग से ब्रेक ले लिया, ताकि इस मुश्किल वक्त में परिवार के साथ रह सकें।

प्रीति ने सिलसिलेवार ट्वीट में बताया कि उनका परिवार किन हालात से गुजरा है।  उन्होंने कहा ,‘‘ एक ही सप्ताह में परिवार के छह बड़े और चार बच्चे पॉजिटिव हो गए। अलग अलग अस्पतालों में सभी भर्ती थे,  पूरे सप्ताह यह बुरा सपना जारी रहा, तीन में से एक अभिभावक घर लौट आये हैं। उन्होंने कहा ,‘‘ टीका लगवा लीजिये। अपनी और अपने परिवार की इस महामारी से सुरक्षा कीजिये।

 

प्रीति ने अपने ट्वीट में आगे लिखा ,‘‘मानसिक रूप से स्वस्थ होने की बजाय शारीरिक रूप से स्वस्थ होना आसान है। पांचवें से आठवां दिन सबसे खराब समय था, हर कोई मदद की पेशकश कर रहा था लेकिन कोई आपके पास नहीं था। यह बीमारी आपको बिल्कुल अकेला कर देती है'।

अश्विन IPL 2021 से कोरोना को लेकर हटने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। अश्विन ने IPL 2021 से हटने का फैसला करते हुए ट्वीट किया कि “वो कल से ब्रेक ले रहे हैं। अभी उनका परिवार कोरोना से त्रस्त है। और, वो इस मुश्किल वक्त में उनके साथ रहना चाहते हैं।” अश्विन की फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने भी इस मुश्किल वक्त में अश्विन को सहयोग करने का भरोसा दिया है।