Hindi News

indianarrative

‘इन हाथों ने हथियार छोड़े हैं चलाना नहीं भूला’, आईपीएल से पहले माही मार रहा है

MS Dhoni

आईपीएल 2021 की शुरुआत होने वाली है। सेड्यूल भी आ चुके हैं। पहला मैच 9 अप्रैल को खेला जाएगा। ऐसे में सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गईं हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी अपनी ट्रेनिंग कैंप लगा दिया है। जहां खिलाड़ी जमकर पसीना बहा रहे हैं। इस कैंप में भारत के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी भी मौजूद हैं। धोनी चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जमकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी की बैटिंग प्रैक्टिस का वीडियो पोस्ट किया है। इसमें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान पूरे रंग में दिख रहे हैं। गेंद से उनके बल्ले के टकराने की आवाज जोरदार तरीके से सुनाई देती है। वीडियो में दिख रहा है कि शुरू में धोनी डिफेंसिव शॉट खेलते दिखते हैं। फिर वे धीरे-धीरे रंग में आते हैं और बड़े प्रहार करते है। वे क्रीज में खड़े-खड़े भी बड़े शॉट लगा रहे हैं तो बाहर निकलकर भी गेंद को हवाई सफर पर भेज रहे हैं। वे पूरे रंग में दिख रहे हैं। इस दौरान स्पिनर के खिलाफ उन्होंने एक जोरदार शॉट लगाया जिस पर गेंद दर्शक दीर्घा में जाकर गिरी। उन्होंने पुल शॉट लगाए तो कवर्स के ऊपर से भी गेंद को भेजा। धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल आईपीएल में ही खेलते हैं। ऐसे में वे आईपीएल 2021 के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते।

पिछला आईपीएल रहा था खराब

आपको बता दें कि आईपीएल 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शल हल्का रहा था। टीम आईपीएल इतिहास में पहली बार प्लेऑफ नहीं खेल पाई थी। वह आठ टीमों की अंक तालिका में सातवें नंबर पर रही थी। धोनी भी पिछले आईपीएल में ज्यादा कुछ नहीं कर पाए थे। ऐसे में इस बार धोनी कोई कमी नहीं करना चाहते।  टीम के इस कैंप में कई खिलाड़ी शामिल हो चुके हैं। इनमें धोनी के अलावा अनुभवी बल्लेबाज अंबाती रायुडु, युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़, एन जगदीशन, आर साई किशोर, कर्ण शर्मा और सी हरि निशांत शामिल हैं।