Hindi News

indianarrative

MS Dhoni Poultry Farming: धोनी करेंगे कड़कनाथ मुर्गों की फॉर्मिंग

MS Dhoni Poultry Farming: धोनी करेंगे कड़कनाथ मुर्गों की फॉर्मिंग

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी रांची में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में पाए जाने वाले कड़कनाथ के मुर्गों की फार्मिंग करते नजर आएं तो किसी को अचरज नहीं होना चाहिए। धोनी ने झाबुआ के एक आदिवासी किसान को कड़कनाथ मुर्गे के दो हजार चूजे खरीदने का ऑर्डर दिया है।

खबरों के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी ने अपने गृह नगर रांची में कड़कनाथ के मुर्गों की फार्मिंग करने का मन बनाया है। धोनी ने कड़कनाथ के चूजे खरीदने के लिए झाबुआ के आदिवासी किसान विनोद मेंड़ा को अग्रिम भुगतान के साथ 15 दिसंबर तक दो हजार चूजे रांची भेजने का ऑर्डर दिया है।

झाबुआ के कड़कनाथ मुर्गा अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. आईएस तोमर ने संवाददाताओं को बताया कि धोनी ने अपने मित्रों के जरिए उनसे संपर्क साधा था। लेकिन केंद्र में उस समय पर चूजे नहीं थे। इसलिए उन्हें कड़कनाथ मुर्गे की फार्मिंग कर रहे झाबुआ के थांदला के एक आदिवासी किसान से संपर्क करने को कहा गया।

उल्लेखनीय है कि कड़कनाथ मुर्गा मध्य प्रदेश के झाबुआ की पहचान है और भारत सरकार से कड़कनाथ को जीआई टैग भी मिल चुका है। यह मुर्गा काले रंग का, काले खून, काले हड्डी और काले मांस के साथ लजीज स्वाद के लिए पहचाना जाता है। यह मुर्गा फैट और कोलेस्ट्रोल-फ्री भी होता है।.