Hindi News

indianarrative

‘ऐसे ही कोई धोनी नहीं बन जाता’, मुश्किल वक्त में विदेशी और साथी खिलाड़ियों को घर भेजने के बाद रांची लौटंगे कैप्टन कूल

MS Dhoni

कोरोना वायरस के कारण इस साल के आईपीएल को टाल दिया गया है। आईपीएल टलते ही सारे खिलाड़ी अपने घर लौटने लगे हैं। इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साथी खिलाड़ियों के सामने एक बड़ी मिसाल पेश की है, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर लोग धोन की जमकर सराहना कर रहे हैं।

भारत के पूर्व कप्तान धोनी ने फैसला लिया है कि सभी विदेशी और साथी खिलाड़ियों को घर भेजने के बाद घर लौटेंगे। यानी धोनी चेन्नई सुपर किंग्स से घर लौटने वाले आखिरी खिलाड़ी होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के एक सदस्य ने बताया, धोनी ने फैसला किया है कि विदेशी खिलाड़ियों को उनके घर भेजने के बाद ही वो अपने घर जाएंगे। फिलहाल, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी दिल्ली में हैं। चेन्नई के खिलाड़ी सैम कुरेन और मोईन अली बुधवार को अपने देश लौट चुके हैं। बीसीसीआई की मदद से चार्टर्ड उड़ानों से सभी विदेशी खिलाड़ियों को स्वदेश रवाना किया जा रहा है।

माही का कहना है कि सबसे पहले विदेशी खिलाड़ियों को उनके घर भेजना प्राथमिकता है। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को घर भेजेंगे। 39 वर्षीय धोनी इस समय दिल्ली के होटल में टीम के साथ हैं। सीएसके टीम के एक सदस्य ने कहा, ' माही भाई ने कहा है कि वह होटल छोड़ने वाले आखिरी शख्स होंगे। वह विदेशी खिलाड़ियों को पहले घर पहुंचाना चाहते हैं। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को। वह कल आखिरी फ्लाइट लेंगे जब सभी अपने घर पर सुरक्षित घर पहुंच जाएंगे।'

चेन्नई सुपर किंग्स ने 10 सीट वाले चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की। इससे खिलाड़ियों को दिल्ली से राजकोट और मुंबई भेजा जा सकेगा। अन्य चार्टर्ड विमान से खिलाड़ियों को चेन्नई से बैंगलोर भेजा जाएगा। सबको भेजने के बाद धोनी आज शाम रांची के लिए रवाना होंगे।