Hindi News

indianarrative

इस पाकिस्तानी खिलाड़ी के ससुर बनेंगे शाहिद अफरीदी, PSL में साथ खेलते आए थे नजर

Shahid afridi

पाकिस्तान के सुपरस्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी जल्द ही पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के ससुर बनने वाले हैं। आफरीदी ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शाहीन के परिवार ने औपचारिक तौर पर उनकी बेटी से शादी के लिए संपर्क किया था।  दोनों परिवार संपर्क में हैं। जोड़ी स्वर्ग (हेवन) में बनी है। अगर अल्लाह की इच्छा है तो यह जोड़ी भी बनेगी। मेरी प्रार्थनाएं शाहीन के साथ मैदान पर उनकी निरंतर सफलता के लिए हैं। इस पर शाहीन ने भी जवाब दिया है। उन्होंने लिखा- अलहमदुलिल्लाह। आपकी दुआओं के लिए शुक्रिया। अल्लाह सभी के लिए चीजों को आसान बना सकता है। आप राष्ट्र के गौरव हैं।

इससे पहले पाकिस्तानी अखबार नेशन ने पारिवारिक सूत्रों के हवाले से इस खबर की पुष्टि की थी। शाहीन की सगाई शाहिद की सबसे बड़ी बेटी अक्सा अफरीदी  से होने वाली है। शाहीन के पिता अयाज खान ने इसके बाद पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि उन्होंने अपने बेटे का रिश्ता शाहिद अफरीदी के परिवार को भेजा था जिसे स्वीकार कर लिया गया है। शाहिद अफरीदी के परिवार की ओर से कहा गया है कि चूंकि शाहीन अभी क्रिकेट खेल रहे हैं और अक्सा अभी पढ़ाई कर रही हैं इसलिए सगाई की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की जाएगी। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि सगाई जल्द ही फाइनल कर ली जाएगी और उसके बाद दो साल के भीतर शादी कर दी जाएगी।

आपको बता दें कि हाल ही में शाहिद अफरीदी और शाहीन शाह अफरीदी दोनों पाकिस्तान सुपर लीग (PSL)  2021 में खेलते नजर आए थे लेकिन कोरोना वायरस के चलते ये टूर्नामेंट 14 मैच के बाद ही स्थगित करना पड़ा। शाहीन ने इस टूर्नामेंट में महज 4 मैचों में 9 विकेट हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया था, दूसरी ओर मुल्तान सुल्तांस के लिए उनके होने वाले ससुर शाहिद अफरीदी ने 5 विकेट हासिल किए थे।