Hindi News

indianarrative

सुनील छेत्री ने तोड़ा लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड, ऑल टाइम टॉप-10 में पहुंचने से एक गोल दूर

Sunil chhetri

भारतीय फुटबॉल टीम के करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने गोल के मामले में फुटबॉल के सुपरस्टार लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया है। देश के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में छेत्री दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय फुटबॉल टीम ने कप्तान सुनील छेत्री के दो गोलों की मदद से यहां 2022 फुटबॉल विश्व कप और 2023 एशियन कप क्वालीफायर्स के ग्रुप-ई के दूसरे राउंड के मुकाबले में बांग्लादेश को 2-0 से हराया। इस जीत के साथ ही छेत्री ने अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर मेसी को भी पछाड़ दिया।

विश्व कप क्वालिफायर में भारत की पिछले छह वर्षों में पहली जीत के नायक छेत्री सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में केवल पुर्तगाल के के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (103) से पीछे हैं। छेत्री बार्सिलोना के स्टार मेसी से दो और यूएई के अली मबखौत से एक गोल आगे हैं। मबखौत 73 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मेसी ने पिछले गुरुवार को चिली के खिलाफ विश्व कप क्वालिफायर मैच में अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया था, जबकि मबखौत ने मलेशिया के खिलाफ अपनी गोल में बढ़ोतरी की थी।

छेत्री ने सोमवार को जासिम बिन हमाद स्टेडियम में 79वें मिनट में पहला गोल दागा और फिर इंजरी टाइम में दूसरा गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित किया। भारतीय कप्तान सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में शीर्ष 10 में पहुंचने से केवल एक गोल पीछे हैं। वह हंगरी के सैंडो को​कसिस, जापान के कुनिशिगे कमामोतो और कुवैत के बाशर अब्दुल्लाह से एक गोल पीछे हैं। इन तीनों ने समान 75 गोल किए हैं।

भारत को इससे पहले तीन जून को एशिया चैंपियन कतर के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उसने इस मैच में बांग्लादेश को शिकस्त देकर जोरदार तरीके से वापसी की। भारत को अब 15 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेलना है। बांग्लादेश ने अंतिम मिनट तक बराबरी हासिल करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सका। उल्लेखनीय है कि भारत 2022 विश्व कप की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुका है।