Hindi News

indianarrative

Tokyo Olympic 2020: ओलंपिक हॉकी मैच में आखिरी चंद सेकंड में पलट गई बाजी, भारत से हारने के बाद खूब रोए जर्मन के खिलाड़ी

COURTESY- GOOGLE

टोक्यो ओलंपिक खेलों में भारत का चौथा पदक भी मिल गया है। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपनी जीत का डंका बजाया। भारत ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। आपको बता दें कि 41 साल बाद ओलंपिक में हॉकी में भारत को पदक हासिल हुआ है। इससे पहले आखिरी बार हॉकी में टीम इंडिया ने 1980 में ओलंपिक मेडल जीता था। चौथा क्वार्टर शुरू होने के साथ ही जर्मनी ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने की हर संभव कोशिश की।

मैच के आखिरी चंद सेकंड में जर्मनी को मिले पेनल्टी कॉर्नर को जैसे ही गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने रोका, भारतीय खिलाड़ियों के साथ टीवी पर इस ऐतिहासिक मुकाबले को देख रहे करोड़ों भारतीय खुशी से झूम उठे। वहीं जर्मनी के खिलाड़ी मैदान पर ही रोने लगे। हारने के बाद जर्मनी के हाथों ओलंपिक में लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका निकल गया। साल 2016 के रियो ओलंपिक में जर्मनी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। भारतीय हॉकी टीम की इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एतिहासिक बताया है। पीएम मोदी ने लगातार दो ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में उन्होंने हिंदी में और दूसरा अंग्रेजी में किया है।

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा- 'एतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की जेहन में रहेगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ टीम पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं उम्मीदों पर खरी उतरी है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।' एक दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, प्रफुल्लित भारत! प्रेरित भारत! गर्वित भारत! टोक्यो में हॉकी टीम की शानदार जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। ये नया भारत है, आत्मविश्वास से भरा भारत है। हॉकी टीम को फिर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।'