Hindi News

indianarrative

Tokyo Olympic 2020: मेडल के बेहद करीब भारतीय पुरुष हॉकी टीम, ब्रिटेन को 3-1 से दी मात, 50 साल बाद दोहराया इतिहास

photo courtesy google

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बना ली। मनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन को 3-1 से मात दी। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर में ही दिलप्रीत सिंह के गोल से उसने बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में गुरजंत सिंह के गोल से इस बढ़त को दोगुना कर दिया। हाफ टाइम तक स्कोर भारत के पक्ष में रहा।

तीसरा क्वार्टर खत्म होने से करीब एक मिनट पहले ब्रिटेन को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वह इसे गोल में तब्दील नहीं कर पाया। इस क्वार्टर की समाप्ति से कुछ क्षण पहले ब्रिटेन को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर गोल कर उसने स्कोर 1-2 कर दिया। आपको बता दें कि ये 41 साल बाद है जब पुरुष हॉकी में भारत ने ओलंपिक खेलों के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। ओलंपिक में भारत और ब्रिटेन का सामना 9वीं बार हुआ और भारत ने अपना रिकॉर्ड 5-4 कर लिया है।

ओलंपिक के इतिहास में 1980 तक भारतीय हॉकी टीम का नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा जाता रहा है। लेकिन 1980 के बाद से भारतीय टीम कभी भी सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी। अब करीब 50 साल बाद भारतीय टीम ने अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को एक बार दोबारा वापस पाया है। इस जीत के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम से पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला चौथे क्वार्टरफाइनल की विजेता बेल्जियम से होगा। हालांकि बेल्जियम को हराना भारत के लिए आसान नहीं होगा।

टॉप टीम बेल्जियम कई बार भारत को पहले मात भी दे चुकी है लेकिन जिस फॉर्म में भारत खेल रहा है कुछ भी असंभव नहीं है। अब देखना होगा सेमीफाइनल में क्या भारत बेल्जियम से पार पा पाएगी या फिर पदक के लिए हमें ब्रॉन्ज मेडल मैच का इंतजार करना होगा।