Hindi News

indianarrative

Tokyo Olympics 2020: ‘हौंसला है तो मंजिलें और भी हैं…’, पीएम मोदी-शाहरुख खान ने की भारत की बेटियों को सराहना

photo courtesy google

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम इतिहास रचने से चूक गई। कांस्य पदक मुकाबले में भारत को ग्रेट ब्रिटेन के हाथों 3-4 से करारी हार का सामना करना पड़ा। जीत के इतने पास होते हुए जब भारतीय महिला हॉकी टीम को हार मिली, तो वो भावुक हो उठी। हार के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया फूट-फूटकर रोने लगीं। हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल भी खुद को नहीं रोक पाईं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। पूरे भारत ने टीम का हौंसला बढ़ाया।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम का हौंसला बढ़ाते हुए लगातार दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में लिखा- 'हम टोक्यो ओलंपिक में अपनी महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। टीम के प्रत्येक सदस्य को उल्लेखनीय साहस, कौशल और लचीलापन का शानदार प्रदर्शन किया। भारत को इस शानदार टीम पर गर्व है।' 

वहीं दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा- 'हम महिला हॉकी में एक पदक से चूक गए, लेकिन यह टीम न्यू इंडिया की भावना को दर्शाती है, जहां हम अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं और नए मोर्चे बनाते हैं। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि ओलंपिक्स में टीम की सफलता भारत की युवा बेटियों को हॉकी को अपनाने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। इस टीम पर गर्व है।'

 

पीएम मोदी के अलावा बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान भी भारतीय महिला हॉकी टीम का हौंसला बढ़ाते हुए दिखाई दिए। फिल्म 'चक दे इंडिया' में महिला हॉकी टीम के कोच का किरदार निभा चुके शाहरुख खान ने ट्वीट किया- 'दिल टूट गया!!! लेकिन आप सभी ने हमारा सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाया। आप सभी ने पूरे भारत को इंस्पायर किया, ये अपने आप में बड़ी जीत है।'