Hindi News

indianarrative

Tokyo Olympics 2020 से आई मेडल की खुशबू, दीपिका ने लगाया तमगे की ओर निशाना, रिकॉर्ड बनाकर भी चूके साबले

Tokyo Olympics 2020

टोक्यो ओलंपिक का आज 8वां दिन है और आज भारत को पदक की उम्मीद है। सुबह ही भारत के लिए अच्छी खबर आ गई है। टोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympics) में भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी ने अपना प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीत लिया है। वो ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बन गईं हैं। दीपिका ने 6-5 से ये बेहद करीबी मुकाबला जीता। शूटऑफ में सेनिया 7 पर ही निशाना लगा पाईं। जबकि दीपिका का तीर 10 पर लगा।

दीपिका ने पेरोवा के खिलाफ पहला सेट 28-25 से जीता। इस जीत के साथ उन्होंने 2 अंक बटोरे। हालांकि, दूसरे सेट में उनका निशाना लड़खड़ाया और उन्होंने 26-27 से ये सेट गंवा दिया, जिसके बाद दोनों तीरंदाजों के 2-2 अंक हो गए। तीसरे सेट में दीपिका एक बार फिर 2 अंक लेने में कामयाब रहीं। उन्होंने ये सेट 28-27 से जीता था। वहीं चौथा सेट दीपिका और पेरोवा के बीच बराबरी पर छूटा। दोनों तीरंदाजों के 26-26 अंक रहे, जिसके बाद उन्हें अपने अंक बांटने पड़े। हालांकि, लीड अभी भी 1 अंक की दीपिका के पास थी। लेकिन, दीपिका 5वां सेट 25-28 से हार गईं और मैच शूट ऑफ में चला गया।

उधर पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश साबले ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। वह हीट 2 के राउंड में 8:18.12 समय के साथ 7वें स्थान पर रहे। अविनाश 1000 मीटर के खत्म होने तक छठे स्थान पर थे। अविनाश साबले ने  8:18.12 समय के साथ तो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया है, लेकिन वह फाइनल में जगह नहीं बना पाए। वह 7वें स्थान पर रहे। साबले ने मार्च में फेडरेशन कप में बनाया 8: 20. 20 का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है।