Hindi News

indianarrative

Tokyo Olympics में भारत की बेटियों का कमाल, हॉकी में अफ्रीका को 4-3 से हौका, पूजा-सिंधु से गोल्ड की आस

Tokyo Olympics 2020

टोक्यो ओलंपिक के आज 9वें दिन भारत की बेटियों ने फिर से कमाल किया है। भारत की कमलप्रीत कौर ने डिस्कस थ्रो में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यानी की अब वो भारत को एक और मेडल दिलाने के करीब हैं। वहीं भारत की महिला हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए मेडल की आस जगाए रखी है। भारत की महिला हॉकी टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में जीत हासिल की है। उसने साउथ अफ्रीका को 4-3 से हरा दिया है।

भारत के लिए वंदना कटारिया ने 3 गोल दागे। वंदना ओलंपिक मैच में गोल की हैट्रिक लगाने वाली भारत की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गईं। महिला हॉकी में दोनों ग्रुप से 4-4 टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। भारत 5 मैच में 2 मैच जीतकर फिलहाल चौथे नंबर पर है। वहीं साउथ अफ्रीका 5 में से पांचों मैच हारकर आखिरी स्थान पर। इसके अलावा नीदरलैंड्स, जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड ने अब तक 4-4 मैच ही खेले हैं। हालांकि नीदरलैंड्स और जर्मनी क्वार्टर फाइनल्स के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। आयरलैंड की टीम 4 में से 1 मैच जीतकर फिलहाल 5वें नंबर पर है। उन्हें शाम में ब्रिटेन के खिलाफ खेलना है। अगर आयरलैंड मैच जीतता है, तो भारत को पीछे छोड़कर चौथे नंबर पर आ जाएगा। उनके हारने पर भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी।

इसके पहले आज सुबह तीरंदाज अतनु दास और बॉक्सर अमित पंघल ने निराश किया। दोनों ही प्री-क्वार्टर फाइनल का मैच हारे हैं और ओलंपिक से बाहर हो गए। वर्ल्ड नंबर-1 बॉक्सर अमित पंघल प्री- क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार गए हैं। उन्हें कोलंबिया के युबेर्जेन रिवास ने 4-1 से हराया। तीरंदाजी में भी अतनु दास को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जापान के ताकाहारू फुरुकावा ने 6-4 से हराया।

भारत को अब दो बेटियों से काफी उम्मीदें हैं। पीवी सिंधु महिला बैडमिंटन के सिंगल्स मुकाबले का सेमी फाइनल मैच खेलेंगी। वो नंबर एक खिलाड़ी ताइपे की ताई जू यिंग से भिड़ेंगी। वहीं बॉक्सिंग में भी पूजा रानी  मेडल पक्का करने की कोशिश करने उतरेंगी। वह क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतते ही पदक पक्का कर लेंगी।