Hindi News

indianarrative

सीएए के बाद अफगान सिखों का पहला जत्था भारत पहुंचा

नागरिकता संशोधन अधिनियम(सीएए) के प्रभाव में आने के कई महीनों बाद धार्मिक उत्पीड़न से परेशान होकर दिल्ली पहुंचे अफगान सिखों के पहले जत्थे का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसके सहयोगी अकाली दल के नेताओं ने स्वागत किया।

भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव आर.पी. सिंह और अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने अफगान सिखों का भगवा अंगवस्त्र से स्वागत किया। दिल्ली पहुंचे  सभी सिख जिंदगी की अनिश्चतिता से दूर भागने के बाद बेहद सुकून में दिख रहे थे।

अफगान सिखों का पहला जत्था विशेष विमान से दिल्ली पहुंचा है। इन लोगों को दीर्घकालीन वीजा व्यवस्था के तहत यहां रखा जाएगा। पहले जत्थे में कई ऐसे सिख हैं, जिन्होंने काबुल में हुए आतंकवादी हमले में अपने प्रियजनों को खोया है। इसके अलावा कई दूसरे अफगान सिख भी अगले कुछ दिन में भारत पहुंचेंगे।

इस जत्थे का भारत आना काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह विवादित सीएए के प्रभाव में आने के बाद दिल्ली आया पहला धार्मिक अल्पसंख्यक समूह है। इन सिखों का स्वागत करने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल सिरसा ने कहा कि जत्थे में निदान सिंह सचदेवा भी हैं, जिन्हें पहले हक्कानी नेटवर्क से जुड़े आतंकवादी संगठन ने अगवा कर लिया था।

भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सीएए लागू करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने दावा किया कि इससे अफगान सिखों को यहां आने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग सीएए का विरोध करते थे, उन्हें अब यह जान लेना चाहिए कि यह कानून कितना महत्वपूर्ण है।.