Hindi News

indianarrative

बिहार विधानसभा चुनाव के लिये राजग के सीट बंटवारे की घोषणा

बिहार विधानसभा चुनाव के लिये राजग में सीट बंटवारे की घोषणा मंगलवार को कर दी गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा को 121 सीटें दी गई हैं जबकि जदयू के हिस्से में 122 सीटें आई हैं।

पटना में आयोजित राजग के एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में नीतीश कुमार ने कहा कि जदयू अपने हिस्से में से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 7 सीटें देगी जबकि भाजपा अपने कोटे से विकासशील इंसान पार्टी को सीटें देगी। वैसे भी भाजपा और वीआईपी की बातचीत अंतिम चरण में है।

नीतीश कुमार ने साफ कर दिया कि कोई कुछ भी बोले भाजपा के साथ उनका गठबंधन आगे भी काम करता रहेगा। पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित कई नेता उपस्थित थे।

इसके साथ ही राजग में चिराग पासवान का बने रहना अब मुश्किल हो गया है। लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को अस्वीकार कर दिया और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से बाहर चले गए। उन्होंने घोषणा की थी कि वह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं और भाजपा के साथ उनका गठबंधन कायम रहेगा।

लेकिन अब इस संभावना पर विराम लग गया है क्योंकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मंगलवार को साफ कर दिया कि बिहार में वही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा रहेंगे जिन पार्टियों और उनके नेताओं को नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार है। क्योंकि बिहार में भाजपा भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव में उतर रही है। जायसवाल ने साफ कर दिया कि अब लोजपा का केंद्र में भाजपा के साथ गठबंधन भी शायद ही लंबे समय तक चल सकेगा।.