Hindi News

indianarrative

Afghanistan में तालिबान का तांडव, काबुल से घंटे भर दूर, राष्ट्रपति गनी आज दे सकते हैं इस्तीफा

Afghanistan में तालिबान का तांडव

अफगानिस्तान में तालिबान का तांडव जारी है। तालिबान ने लगभग पूरे अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है। इस बीच बड़ी खबर आ रही है कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति गनी इस्तीफा दे सकते हैं। काबुल में सूत्रों का कहना है कि सरकार आज इसकी घोषणा कर सकती है। आपको बता दें कि इस समय तालिबान और अफगान बलों के बीच मैदान शहर में गवर्नर कंपाउंड के पास भीषण लड़ाई चल रही है। मैदान शहर को काबुल का गेटवे भी कहा जाता है।

सूत्रों का कहना है कि तालिबानी आतंकी काबुल से महज 1 घंटे की दूरी पर है। तालिबान देश के समूचे दक्षिणी भाग पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया और धीरे-धीरे काबुल की तरफ बढ़ रहा है। वहीं कंधार के गवर्नर रुहउल्लाह खानजाद ने तालिबान के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। तालिबान ने कंधार के रेडियो और सरकारी टीवी का नाम शरिया रेडियो कर दिया है। सरकारी दफ्तरों पर तालिबानी काबिज हो गए हैं।

तालिबान अब काबुल एयरपोर्ट के बेहद करीब आ गया है, ऐसे में आशंका है कि तालिबानी यहां हमला कर सकते हैं। दो दिन पहले तक कयास लगाए जा रहे थे कि तालिबान को काबुल पहुंचने में 90 दिन लगेंगे। एक दिन बाद तालिबान काबुल से 30 दिन की दूरी पर आ गया और अब काबुल पर कब्जा करने के करीब है। इस बीच, अमेरिका का पहला सैन्य दल काबुल पहुंच गया है। तालिबान से निपटने में अफगान सैनिक बुरी तरह नाकाम रहे हैं। कई प्रांतों में सैनिकों ने बिना लड़े ही तालिबान के सामने हथियार डाल दिए। तालिबान की रफ्तार को देखते हुए अमेरिकी सरकार ने अपने नागरिकों को काबुल से निकालने के लिए सैन्य दल भेजा है।