Hindi News

indianarrative

स्‍वेज नहर से 6 दिन बाद निकला विशालकाय मालवाहक जहाज, दुनिया ने ली राहत की सांस

Suez Canal Evergiven Ship Refloated

स्वज नहर में पिछले 6 दिनों से फंसा विशालकाय मालवाहक जहाज 'Evergiven' निकल गया है और अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को स्थानी समयानुसार सुबह 04:30 बजे मालवाहक जहाज को निकाल लिया गया। कंटेनरशिप के निकलने से दुनिया ने राहत की सांस ली है। इससे पहले स्वेज नहर में फंसे इस विशालकाय जहाज को हटाने के काम में दो विशेष नौकाएं लगाई गईं थीं। ये जहाज एशिया और यूरोप के बीच चलता है।

इन्च केप शिपिंग सर्विसेज ने इसकी जानकारी दी है। स्वेज नहर प्राधिकरण ने इससे पहले जानकारी दी थी कि विशालकाय कंटेनर जहाज को आंशिक रूप से निकाल लिया गया है। बताते चलें कि, इस विशालकाय जहाज के फंसने का असर भारतीय व्यापार पर भी पड़ रहा था। सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए कार्य योजना बनाई थी। दूसरे देशों से आयात-निर्यात में लगे भारतीय मालवाहक जहाजों को स्वेज नहर के जाम से बचने के लिए केप ऑफ गुड होप (Cape of Good Hope) से जाने की सलाह दी गई थी।

ऐसे फंस गया था जहाज

दरअसल, धूल भरी आंधी के चलते ये 1300 फीट लंबा कार्गो जहाज स्वेज नहर में फंस गया था। इस कार्गो जहाज के फंसने से लाल सागर और भूमध्य सागर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी और करीब 150 जहाज फंसे हुए थे, जिनमें 13 मिलियन बैरल कच्चे तेल से लदे लगभग 10 क्रूड टैंकर भी शामिल थे। इसके चलते कई देशों में पेट्रोलियम पदार्थों की डिलिवरी में देरी हो रही थी। कार्गो के फंसने के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया था।