Hindi News

indianarrative

Chandrayaan-3 की सफलता पर दुनिया ने माना भारत का लोहा,नासा,रूस,यूरोपीय स्पेस एजेंसी ने दी बधाई।

Chandrayaan-3: भारत की कामयाबी को दुनिया कर रही सलाम

भारत की मून मिशन Chandrayaan-3 की सफलता के बाद दुनिया ने भारत का लोहा माना है। चन्द्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद इसरो अब ऐसा करने वाला चौथा अंतरिक्ष महाशक्ति बन गया है। इस कामयाबी के बाद जहां पूरे भारतवासी ISRO को बधाई दे रहे हैं,वहीं अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा(NASA),रूस और यूरोपीय स्पेस एजेंसी ने भारत को बधाई दी है।

वॉशिंगटन: भारतीय स्पेस एजेंसी इसरो का चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चांद की सतह पर लैंड कर गया है। इसरो ऐसा करने वाला चौथा अंतरिक्ष महाशक्ति बन गया है। इसके साथ ही यह लैंडिंग बेहद खास है क्योंकि चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा है, जहां आज तक कोई भी देश नहीं गया है। भारत की इस कामयाबी का डंका अब पूरी दुनिया में बज रहा है। रूस हो या नासा सभी इस कामयाबी पर बधाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं पाकिस्तान भी इस पर बधाई दे रहा है।

इससे पहले यानी कुछ दिन पहले ही रूसी स्पेस एजेंसी के द्वारा चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर उतारने से जुड़ा लूना-25 मिशन चलाया था,जो कामयाब नहीं रहा। यह मिशन 21 अगस्त को चाँद की सतह पर उतरना था,लेकिन चाँद की सतह से टकराकर लूना-25 क्रैश हो गया।

रूस ने दी बधाई

वहीं, Chandrayaan-3 की सफल लैंडिंग के बाद भारत का दोस्त रूस भी खुशियां मना रहा है। भारत मे रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने ट्वीट किया, ‘बधाई हो भारत। चंद्रयान 3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग के साथ एक ऐतिहासिक जीत सामने आई है। यह अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए एक बड़ी छलांग है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे प्रतिभाशाली दिमागों को बधाई।’

भारत की कामयाबी पर NASA ने दी बधाई       

भारत (Chandrayaan-3))के इतिहास रचते ही अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने भी जमकर तारीफ की है और बधाई भेजी है।NASA के प्रशासक बिल नेल्सन ने कहा,’आपको चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग के लिए बधाई इसरो। चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। नासा ने कहा-हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।’ दरअसल नासा के एंटीना दुनिया भर में फैले हैं। चंद्रयान मिशन के दौरान इसरो और यूरोपीय स्पेस एजेंसी (ESA) की ओर से मदद मिल रही थी।

यूरोपीय स्पेस एजेंसी ESA ने दी बधाई

यूरोपीय स्पेस एजेंसी ESA के डायरेक्टर जोसेफ एशबैकर ने इसरो को बधाई दी। उन्होंने कहा, अविश्वसनीय! अकल्पनीय! ESA के डायरेक्टर ने भारत के सभी लोगों और इसरो को बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह अपनी नई तकनीकों को प्रदर्शित करने और किसी अन्य खगोलीय पिंड पर पहली सॉफ्ट लैंडिंग करने का अनोखा तरीका है। शाबाश, मैं पूरी तरह प्रभावित हूं।

यह भी पढ़ें-Chandrayaan-3: मिशन के सफलता पर आनंद महिंद्रा की अंग्रेजों को खरी-खरी,सुनकर आपका सीना हो जाएगा चौड़ा।