Hindi News

indianarrative

प्रिंस हैरी और मेगन नहीं लौटे बकिंघम पैलेस, शाही परिवार से रिश्ता खत्म!

prince harry and meghan

ब्रिटेन के शाही परिवार से राजकुमार प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी राजकुमारी मेगन का रिश्ता खत्म हो गया है। दोनों ने पहले ही शाही परिवार से रिश्ते खत्म करने की घोषणा की थी। ब्रिटिश शाही परिवार की जिम्मेदारियों से दूर होने की घोषणा करने के बाद से ही इनके ऊपर कार्रवाई किए जाने का अंदेशा जताया जा रहा था। राजकुमार हैरी की पत्नी मेगन काफी समय से शाही परिवार से दूर कनाडा में रह रही थीं।

हैरी की दादी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की तरफ से जारी एक बयान में बकिंघम पैलेस ने कहा कि राजकुमार और राजकुमारी ने महारानी को अपने निर्णय से अवगत कराया है। दोनों का राजशाही से नाता तोड़ने की शुरुआती घोषणा के एक वर्ष पूरा होने का समय अगले महीने पूरा हो रहा है। 94 वर्षीय महारानी ने निर्णय के बारे में उन्हें पत्र लिखा है।

इस पत्र में लिखा गया है कि उनके नहीं लौटने पर उनकी सभी मानद सैन्य नियुक्तियां और राजशाही के पद शाही परिवार के अन्य कार्यकारी सदस्यों में वितरित कर दिए जाएंगे। बकिंघम पैलेस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि ससेक्स के राजकुमार और राजकुमारी ने महारानी को पुष्टि की है कि वे शाही परिवार के कार्यकारी सदस्य के तौर पर नहीं लौट रहे हैं।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही ब्रिटेन के राजकुमार हैरी और उनकी पत्नी ससेक्स मेगन मर्केल जल्द ही दूसरे बच्चे के पिता और माता बनने की खबर आई थी। यह घोषणा शाही दंपति के प्रवक्ता ने करते हुए कहा था कि एक साल के आर्ची अब बड़े भाई बनने वाले हैं। वैलेंटाइन डे पर की गई घोषणा के बाद ब्रिटेन के शाही महल से भी बयान जारी किया गया था कि इस जानकारी से महारानी एजिलाबेथ द्वितीय और हैरी के पिता प्रिंस चा‌र्ल्स बेहद खुश हैं।