राजस्थान के करौली जिले में हिंदू नववर्ष के मौके पर निकाली गई बाइक रैली पर पथराव की घटना के बाद जिले में धारा 144 लगा दी है। जानकारी के मुताबिक, उपद्रवियों ने एक दर्जन से ज्यादा दुकानों और तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया है। बिगड़ते हालात को देखते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। सोशल मीडिया पर फैल रहीं अफवाहों को रोकने के लिए प्रशासन ने शहर में इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद कर दी गई है। अब तक पुलिसकर्मियों समेत 52 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, हिंदू नववर्ष के मौके पर हिंदू संगठन बाइक रैली निकाल रहे थे। ये रैली जैसे ही हटवाड़ा बाजार पहुंची तो कुछ लोगों ने उस पर पथराव कर दिया। पथराव के बीच हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जब तक दुकानें बंद कर पाते, तब तक शरारती तत्वों ने आगजनी शुरू कर दी। उन्होंने कई दुकानों और गाड़ियों को आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही शहर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फूटा कोट, भूडारा बाजार, छोटी हटरिया, हटवारा में पुलिस तैनात की गई है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डीजी पुलिस से बात कर घटना की जानकारी ली है। उन्होंने पुलिस को हर उपद्रवी से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। गहलोत ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाने रखने की अपील भी की है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि बाइक रैली पर समाज कंटकों द्वारा किए गए पूर्व नियोजित पथराव और आगजनी की घटना से भारी जन आक्रोश है। ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति है। अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों को कांग्रेस सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।